योगी सरकार इस शहर में 130 हेक्टेयर पर बनवाएगी सबसे बड़ा सिटी फॉरेस्ट,  जाने ज़िले का नाम

योगी सरकार ने वृंदावन में देश का सबसे बड़ा सिटी फॉरेस्ट बनाया जा रहा है। वन विभाग सौभरि नगर वन को वृंदावन के ग्राम सुनरख के निकट 130 हेक्टेयर जमीन पर विकसित कर रहा है।
 

योगी सरकार ने वृंदावन में देश का सबसे बड़ा सिटी फॉरेस्ट बनाया जा रहा है। वन विभाग सौभरि नगर वन को वृंदावन के ग्राम सुनरख के निकट 130 हेक्टेयर जमीन पर विकसित कर रहा है। स्थानीय जिला प्रशासन, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और वन विभाग मिलकर सरकार की इस बड़ी परियोजना का कार्यान्वयन कर रहे हैं।

बंदरों को भविष्य में इसी वन में रखने की व्यवस्था की जाएगी। सुनरख, आटस ग्राम और जहांगीरपुर खादर को मिलाकर वन विभाग को दस वर्ष के लिए 130 हेक्टेयर जमीन दी गई है। वन विभाग यहां 76 हजार से अधिक पौधे लगाकर वन बना रहा है।

सौभरि नगर वन में दो चरणों में काम चल रहा है। वन विभाग ने पहले चरण में 123 हेक्टेयर क्षेत्र में 76875 पौधे लगाए हैं। इनमें पाखर, पीपल, जामुन, शीशम, आमला, नीम, अर्जुन, बरगद, आम और जामुन शामिल हैं।

अगले साल पौधे काफी बड़े होंगे। इस वन में ब्रज के धार्मिक महत्व से जुड़े लगभग 25 प्रकार के वृक्ष लगाए गए हैं। यह शहर वन तीन किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ होगा।

दिया जाएगा पार्क का रूप

क्षेत्रीय वन अधिकारी बृजेश सिंह परमार ने बताया कि आगे आने वाले समय में इसे पार्क का रूप भी दिया जाएगा। जिससे यहां पर्यटक और श्रद्धालु आकर घूम सकेंगे। यहां जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के लिए झूले आदि बनाए जाएंगे।

निर्माण पूरा होने पर इस वन को आम जनता के लिए खुला दिया जाएगा। इसके साथ ही पौधों के रखरखाव के लिए चुने गए स्थान पर प्रजाति वार ब्लॉकों की कांटेदार तारों से बाड़बंदी की जाएगी।

इसके अलावा चयनित स्थान पर खंभों पर कांटेदार तार से घेराबंदी करके 4 वॉच टॉवर भी बना दिए जाएंगे। इनका संचालन मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।

स्थान का है पौराणिक महत्व

बता दें कि सौभरि शहर वन के लिए चयनित परियोजना स्थल के एक ओर कोसी ड्रेन और दूसरी ओर यमुना नदी है। बीच का यह स्थल भगवान श्रीकृष्ण की कालीयदह दमन लीला और सौभरि ऋषि की तपोस्थली का स्थान है।

इस कारण चयनित क्षेत्र पौराणिक, धार्मिक और ऐतिहासिक रूप में भी बहुत महत्वपूर्ण है। सुनरख में आज भी सौभरि ऋषि का आश्रम है। विष्णु पुराण, देवी भागवत पुराण एवं श्रीमद्भागवत पुराण के नवम स्कंध के छठे अध्याय में सौभरि ऋषि के विषय में वर्णन भी है।

इस परियोजना से ईको रेस्टोरेशन, स्थानीय पर्यावरण स्थल का विकास होगा। वहीं बंदरों की समस्या से भी निजात मिलेगी। मथुरा-वृंदावन में विकसित होने वाला यह सौभरि शहर वन देश का सबसे बड़ा शहर वन बन जाएगा।